सीकर निकाय चुनाव: ‘सभापति’ की कुर्सी के लिए खतीजा और कंचन में सीधी टक्कर, 21 सितंबर को होगा फैसला
सीकर | [16/09/2026] सीकर नगर परिषद में सभापति की कुर्सी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. निकाय चुनाव 2026 के परिणामों के बाद, अब सभी की निगाहें सभापति पद के चुनाव पर टिकी हैं, जिसके लिए आज प्रमुख दावेदारों ने अपने नामांकन दाखिल कर दिए हैं.कांग्रेस पार्टी ने पूर्व सभापति जीवन खां की पत्नी और वार्ड नंबर 16 से नवनिर्वाचित पार्षद खतीजा बानो पर अपना भरोसा जताया है.
खतीजा बानो ने आज विधिवत रूप से अपना नामांकन दाखिल किया. इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने सीकर शहर की जनता और कांग्रेस आलाकमान का धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को पूर्ण बहुमत दिया है और वह सभी पार्षदों व नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरेंगी.

वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने वार्ड नंबर 28 से पार्षद कंचन खड़ोलिया को अपना उम्मीदवार बनाया है. कंचन ने भी आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. उनके नामांकन के समय भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिससे भाजपा के खेमे में भी उत्साह देखने को मिला. कंचन खड़ोलिया पहले भी सभापति पद की दावेदारी में मानी जा रही थीं.
चुनावी गणित और बहुमत की स्थिति
सीकर नगर परिषद के 65 वार्डों में हुए चुनाव के परिणामों में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया है. कांग्रेस ने 38 सीटों पर जीत दर्ज की है, जिसमें से एक सीट निर्विरोध रही. वहीं, भाजपा को 22 सीटें मिली हैं. निर्दलीय प्रत्याशियों ने 4 सीटों पर कब्जा जमाया है, जबकि राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) को एक सीट हासिल हुई है.
21 सितंबर को होगा फैसला
यद्यपि कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, लेकिन सभापति पद का चुनाव दिलचस्प होने की उम्मीद है. दोनों ही पार्टियों ने अपने-अपने मजबूत उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है. अब अंतिम फैसला 21 सितंबर को होने वाले मतदान के बाद ही होगा.
सीकर शहर की जनता उत्सुकता से यह देखने का इंतजार कर रही है कि सभापति की कुर्सी पर कौन बैठेगा. भाजपा ने सीकर जिले की अन्य 13 निकायों में भी चेयरमैन पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है, जिससे पूरे जिले में चुनावी माहौल गरमाया हुआ है.
यह भी पढ़े:- 32 साल का इंतजार खत्म! शेखावाटी के लिए ‘किशाऊ परियोजना’ पर लगा ठप्पा; सीकर, चूरू और झुंझुनूं को ऐसे मिलेगा पानी




